ग्वालियर में छह दिन पहले हुई स्पेयर पार्ट्स व्यवसायी से कैश, मोबाइल लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से गैंग को ट्रैस कर चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनसे व्यवसायी के अलावा आईजी ऑफिस में पदस्थ सिपाही सहित कुल तीन लूट का खुलासा हुआ है। लूट का मास्टर माइंड एक पंचर दुकान चलाने वाला निकला है। जिसका घटना से पांच दिन पहले व्यापारी से झगड़ा हुआ था।
व्यवसायी से लूटे गए 32 हजार रुपए में से 12 हजार रुपए बरामद हो गए हैं। वारदात में उपयोग किया गया कट्टा भी जब्त हो गया है। व्यापारी का लूटा गया मोबाइल बदमाशों ने नाले में फेंकना कुबूल किया है। पुलिस लूटे गए मोबाइल को बरामद करने प्रयास कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गैंग से अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है। एएसपी क्राइम सुमन गुर्जर ने बताया कि ग्वालियर निवासी प्रदीप शर्मा व्यापारी हैं। उनका भिंड के मालनपुर में स्पेयर पार्ट्स की शॉप है। 14 जनवरी की रात वह मालनपुर से दुकान बंद करने के बाद अपनी स्कूटी से ग्वालियर आ रहे थे। अभी वह एयरपोर्ट रोड अमेटी यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे थे कि तभी बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने टेकनपुर का पता पूछा। व्यापारी ने अपनी स्कूटी की गति कम की तो बाइक सवारों ने ओवरटेक कर रोक लिया।
एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा था, जबकि दूसरा आया और कट्टा अड़ाकर टिफिन में छुपाकर रखे 32 हजार रुपए, मोबाइल व स्कूटी की चाबी छीन ले गए थे। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया था और बदमाशों की तलाश शुरू की। व्यापारी से लूटा गया मोबाइल मोबाइल की लोकेशन 48 घंटे तक एक ही स्पॉट पर आ रही थी, उसके बाद मोबाइल बंद हो गया था।
मोबाइल से लोकेशन फिर मिले थे फुटेज
इस सनसनीखेज लूट को चुनौती के रूप में लेते हुए क्राइम ब्रांच व महाराजपुरा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। घटना स्थल पर घना अंधेरा था और कोई CCTV कैमरा नहीं था, जिस कारण कोई फुटेज नहीं मिला था। जब साइबर टीम ने लूटे गए मोबाइल की लोकेशन तलाश की तो पता लगा कि मोबाइल रामा जी का पुरा के आसपास मिली। पुलिस को यकीन था कि यहां तब बदमाश आए हैं।
इसके बाद पुलिस ने वहां लगे CCTV कैमरे खंगाले तो दो संदेही के फुटेज मिले। जिनकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह संदेही मालनपुर के दो अन्य युवकों के लगातार संपर्क में थे। जिस दिन घटना घटी थी उस दिन यह चारों मोबाइल घटना स्थल पर थे। इसका पता चलते ही पुलिस ने इनकी तलाश की और लक्ष्मणगढ़ पुल के पास से चारों को पकड़ लिया है। यह बदमाश लगे पुलिस के हाथ
पुलिस के हाथ लगे बदमाशों की पहचान हो गई है। पुलिस ने खुलासा किया है कि व्यापारी से लूट का मास्टर माइंड पंचर की दुकान चलाने वाला राजा बेग निवासी सिहोनिया मुरैना हाल मालनपुर भिंड है। इसका व्यापारी प्रदीप शर्मा से घटना के पांच दिन पहले ही झगड़ा हुआ था। जिसके बाद इसने अपने साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी।
इसके अन्य साथी सोनू उर्फ इब्राहिम शाह निवासी सुभाष नगर इमामबाड़े के पास राम जी की पुलिया, रिजवान शाह निवासी सरकारी मल्टी ब्लॉक जी-4 महलगांव और सलमान शाह निवासी काली माता मंदिर के ऊपर रामा जी का पुरा के रूप में हुई है। वहीं पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने इनसे एक 315 बोर का कट्टा, एक जिंदा राउंड, एक होंडा साइन बाइक, लंच बॉक्स, दुकान की चाबी और 12 हजार रूपए बरामद किए है।
आईजी ऑफिस में पदस्थ सिपाही से भी की थी लूट
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए बदमाशों ने 16 जनवरी को बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सेवन हिल्स रिसोर्ट के पास आईजी ऑफिस में पदस्थ जवान धर्मेन्द्र सिंह परमार से कट्टा अड़ाकर पर्स लूटा था। जिसमें 750 रुपए, दो एटीएम कार्ड व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। वहीं इन्हीं बदमाशों ने पुरानी छावनी इलाके में एक चोरी व लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह का कहना है- पकड़े गए बदमाश काफी शातिर है और पूछताछ के बाद इनसे अन्य घटनाओं का खुलासा हो सकता है। फिलहाल तीन वारदात का खुलासा हुआ है। पूछताछ की जा रही है।


