कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बुधवार को सिंहपुर कछार क्षेत्र में लगभग सात बीघा जमीन में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। केडीए की टीम ने सबसे पहले पहुंचकर माइक से एनाउंसमेंट किया, उसके बाद बुलडोजर से बाउंड्री को गिराया गया। केडीए द्वारा की गई कार्रवाई से अचानक हड़कंप मच गया। केडीए की टीम के साथ पुलिस भी मौजूद रही। सिंहपुर कछार में दो जगह हुई कार्रवाई केडीए के प्रवर्तन जोन-1बी द्वारा विशेष कार्याधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में सिंहपुर कछार 787 व अन्य लगभग 4.0 बीघा पर हो रही अवैध/अनाधिकृत प्लाटिंग के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। बताया गया कि यह प्लाटिंग बिना प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही थी। इसके अलावा सिंहपुर कछार 788 व लगभग 3.0 बीघा पर एक दूसरी अवैध/अनाधिकृत प्लाटिंग के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। दोनों जगहों पर इस प्रकार लगभग 07 बीघे में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। पांच बीघा जमीन को किया चिन्हित
डा. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि थाना-कल्यानपुर एवं बिठूर के अन्तर्गत स्थित ग्रामों की लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल की अवैध/अनाधिकृत प्लाटिंग को चिन्हित किया जा चुका है। इन पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही प्रचलित है। आम जनमानस से अपील है कि प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित प्लाटिंग में भूमि क्रय किये जाने से पूर्व कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत की जानकारी स्वयं प्राप्त करने के उपरान्त भूमि क्रय करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही भवन का निर्माण करना सुनिश्चित करें।


