बरनाला में गुटका साहिब के पवित्र अंग फाड़े:शहीद की बरसी पर हुई बेअदबी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, 2 आरोपी अरेस्ट

बरनाला के ठीकरीवाल गांव में अमर शहीद सरदार सेवा सिंह ठीकरीवाल की 92वीं बरसी समारोह के दौरान गुटका साहिब के पवित्र अंग फाड़ने की घटना सामने आई है। यह समारोह पिछले तीन दिनों से चल रहा था। गांव की गलियों और कार्यक्रम स्थल पर गुटका साहिब के फटे हुए पन्ने मिले, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस घटना की सूचना तुरंत गांव की पंचायत और प्रबंधन समिति ने पुलिस प्रशासन को दी। गांव वालों ने मौके पर ही दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इन गिरफ्तारियों के बावजूद बुधवार सुबह गांव में फिर से गुटका साहिब के पवित्र अंग मिलने का सिलसिला जारी रहा। इस घटना के विरोध में गांव की पूरी पंचायत, ग्रामीण और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जिनमें एसजीपीसी सदस्य भी शामिल हैं, एकजुट हुए। उन्होंने ठीकरीवाल गांव के अमर शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला चौक पर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने की मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार करने की मांग धरने में शामिल नेताओं और ग्रामीणों ने मीडिया को बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना बरसी समारोह के दिनों में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो लोगों की गिरफ्तारी के 24 घंटे बाद भी मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य साजिशकर्ता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने मांग की कि घटना के मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार किया जाए, ताकि असली सच सामने आ सके। इस मामले को लेकर SGPC मेंबर संत बलबीर सिंह घुन्नस और SGPC मेंबर बलदेव सिंह चूंघा भी धरना स्थल पर पहुंचे। वे पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी कर रहे हैं और SGPC ने भी कहा है कि कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने गांव में पहुंचकर लोगों को समझाया इस मौके पर धरना स्थल पर पहुंचे DSP सतबीर सिंह बैंस इस मामले की जांच का भरोसा दिलाया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में गांव में शांति और अमन कायम है। उन्होंने कहा कि गुटका साहिब जी के पवित्र अंगों को फाड़ने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने ठीकरीवाला गांव के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो बोल और सुन नहीं सकता, साथ ही धुरी से उसके रिश्तेदार को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की CCTV कैमरे की फुटेज भी जांची जा रही है। गिरफ्तार किए गए दोनों दोषियों से पूछताछ की जा रही है और उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे किसका हाथ है, यह पता लगाने के लिए जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *