बाराबंकी में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर:ग्राम समाज की जमीन से हटाया निर्माण, कंपनी ने नक्शा पास होने का दावा किया

बाराबंकी में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर:ग्राम समाज की जमीन से हटाया निर्माण, कंपनी ने नक्शा पास होने का दावा किया

बाराबंकी में प्रशासन ने अवैध प्लाटिंग और ग्राम समाज की जमीन पर किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई रियल एस्टेट कंपनी एचएम सिटी द्वारा कराए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए की गई। प्रशासन के मुताबिक, एचएम सिटी रियल एस्टेट कंपनी ने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया था। साथ ही, सरकारी रास्ते पर भी अतिक्रमण किया गया था। जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी नवाबगंज आनंद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। कंपनी के डायरेक्टर अबू बकर उर्फ बाबा पठान ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके क्षेत्र के सभी नक्शे पास हैं, इसके बावजूद प्रशासन ने निर्माण ध्वस्त कर दिया। पठान ने इस कार्रवाई को एकतरफा बताया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन, ग्राम समाज की भूमि और सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध प्लाटिंग और कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *