हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक युवक का शव सुखेता नदी में मिला है। मृतक की पहचान सिकंदरपुर (मजरा मझिला) निवासी 32 वर्षीय विद्याप्रकाश उर्फ बेटी के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। परिजनों के मुताबिक, विद्याप्रकाश तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इसकी सूचना थाने में दर्ज कराई गई थी। बुधवार को उसका शव नदी में उतराता हुआ पाया गया। विद्याप्रकाश अविवाहित था और खेती-किसानी का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले विद्याप्रकाश का पड़ोस के गांव के कुछ व्यक्तियों से विवाद हुआ था। उस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों का मानना है कि पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो आक्रोशित परिजनों ने उसे थाने के गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।


