रूस में तेल के ठिकाने और बिल्डिंग पर यूक्रेन का हमला, 11 लोग घायल

रूस में तेल के ठिकाने और बिल्डिंग पर यूक्रेन का हमला, 11 लोग घायल

रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच चल रहे युद्ध को करीब 47 महीने हो गए हैं। इस युद्ध की वजह से अब तक यूक्रेन में भारी तबाही मच चुकी है और जान-माल का भी काफी ज़्यादा नुकसान हुआ है। हालांकि लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी सेना भी इस युद्ध में डटी हुई है, जिससे रूसी सेना ने भी युद्ध में कई सैनिक गंवा दिए हैं। रूस लगातार यूक्रेन को दहला रहा है, लेकिन इसी बीच यूक्रेन ने पलटवार करते हुए रूस पर हवाई हमले किए हैं।

रूसी तेल ठिकाने पर यूक्रेन का हमला

रूस के दक्षिणी क्रास्नोदार (Krasnodar) क्षेत्र में स्थित अफ़िप्स्की तेल रिफाइनरी पर देर रात यूक्रेन ने ड्रोन्स से हवाई हमले किए, जिससे आग लग गई। हालांकि रूस में जल्द ही इस आग पर काबू पा लिया, जिससे नुकसान नहीं हुआ और कोई घायल भी नहीं हुआ। गौरतलब है कि यूक्रेन पिछले कई महीनों से रूस के तेल ठिकानों पर हमले कर रहा है, जिससे रूस को गहरा जख्म दिया जा सके।

बिल्डिंग पर हमले में 11 लोग घायल

रूस में तेल ठिकाने के अलावा यूक्रेन ने अदिगेया गणराज्य (Republic of Adygea) के तख्तामुकायस्की (Takhtamukaysky) जिले में देर रात एक बिल्डिंग पर हमला किया। इससे बिल्डिंग के साथ ही उसके पार्किंग स्थल को भी नुकसान पहुंचा और आग लग गई। यूक्रेन के इस हवाई हमले में 11 लोग घायल हो गए। इनमें से 9 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की स्थिति स्थित बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यूक्रेन के इस हवाई हमले में 15 कारें पूरी तरह नष्ट हो गईं और 25 अन्य क्षतिग्रस्त हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *