ग्वालियर पुलिस ने की दोहरी पहल:पांच यातायात जागरूकता रथ और मोबाइल फॉरेंसिक लैब को आईजी-एसएसपी ने दिखाई झंडी

ग्वालियर पुलिस ने की दोहरी पहल:पांच यातायात जागरूकता रथ और मोबाइल फॉरेंसिक लैब को आईजी-एसएसपी ने दिखाई झंडी

सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक बनाने की दिशा में ग्वालियर पुलिस ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की। पुलिस कंट्रोल रूम ग्वालियर से आईजी अरविंद कुमार सक्सेना और एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने 5 यातायात जागरूकता रथों एवं एक मोबाइल फॉरेंसिक लैब वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एडिशनल एसपी (पूर्व) विदिता डागर, एडिशनल एसपी (मध्य/यातायात) अनु बेनीवाल, एडिशनल एसपी (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर, डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान सहित अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान यातायात जागरूकता रथों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। इन रथों के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ये रथ शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, विद्यालयों के आसपास एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर भ्रमण करेंगे, जहां सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश, लघु फिल्में और जागरूकता वीडियो क्लिप प्रदर्शित की जाएंगी। अपराध अनुसंधान को मिलेगा वैज्ञानिक आधार इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त मोबाइल फॉरेंसिक लैब वाहन (एफएसएल मोबाइल यूनिट) को भी रवाना किया गया। इससे पहले आईजी और एसएसपी ने वाहन का निरीक्षण कर फॉरेंसिक अधिकारियों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। मोबाइल फॉरेंसिक लैब की तैनाती से अब अपराध स्थल पर ही त्वरित और वैज्ञानिक तरीके से जांच संभव हो सकेगी। इस यूनिट के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण फॉरेंसिक साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन और प्रारंभिक विश्लेषण मौके पर ही किया जा सकेगा, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और तेज होगी। कार्यक्रम में रहे ये अधिकारी उपस्थित कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी यातायात कम्पू निरीक्षक केपीएस तोमर, थाना प्रभारी यातायात झांसी रोड निरीक्षक धनंजय शर्मा, थाना प्रभारी गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी, एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी के संजय कटठ्ल, दिनेश जैन सहित अनेक पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *