बांसवाड़ा के परतापुर कस्बे में भारी डिस्काउंट का लालच देकर लोगों से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। शीतल कॉम्प्लेक्स की एक दुकान में बाहर से आए व्यापारियों ने स्थानीय लोगों को 45% तक की छूट का झांसा दिया और अब दुकान बंद कर रफूचक्कर हो गए हैं। भरोसा जीतने के लिए दिया सामान पीड़ितों ने बताया कि हरि मंदिर गली स्थित कॉम्प्लेक्स में कुछ लोगों ने अस्थायी दुकान खोली थी। उन्होंने फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन और कूलर जैसे सामानों पर भारी छूट का विज्ञापन किया। शुरुआत में कुछ ग्राहकों को समय पर सामान देकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने पंखे, अलमारी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के लिए एडवांस पैसे जमा करा दिए। दुकान पर लटका ताला तो मचा हंगामा बीते कुछ दिनों से जब ग्राहकों को सामान नहीं मिला, तो वे दुकान पहुंचे। वहां ताला लटका देख और संचालकों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने पर ठगी का एहसास हुआ। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए पीड़ितों ने मौके पर हंगामा किया और फिर गढ़ी थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। तमिलनाडु का बताया जा रहा व्यापारी गढ़ी थानाधिकारी तेजसिंह सांदू ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सामान के नाम पर एडवांस रकम लेकर फरार होने की कुछ लोगों की रिपोर्ट आई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार व्यापारी तमिलनाडु क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस मामले में अनुसंधान कर गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।


