Elon Musk Ryanair News: टेस्ला, स्पेसएक्स, एक्स के मालिक और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क अक्सर विवादों में रहते हैं। लेकिन इस बार उनका पाला एक ऐसे इंसान से पड़ा है, जो उन पर भारी पड़ता दिखा रहा है। ये हैं बजट एयरलाइन रायनएयर के सीईओ माइकल ओ’लेरी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर जबरदस्त जुबानी जंग चल रही है। हद तो तब हो गई जब रायनएयर ने एलन मस्क को टार्गेट करते हुए ‘बिग इडियट सीट सेल’ लॉन्च कर दी। यहां तक कि ओ’लेरी ने मस्क को अनड्रेस (नंगा करना/पोल खोलना) करने की बात भी कही। सोशल मीडिया यूजर्स इन दोनों की जुबानी जंग पर जमकर चटकारे ले रहे हैं। आइए जानते हैं कि विवाद कहां से शुरू हुआ।
दरअसल एलन मस्क चाहते हैं कि रायनएयर अपनी एयरलाइन में स्टारलिंक इंटरनेट लगाएं। लेकिन ओ’लेरी लागत बढ़ने का हवाला देते हुए इससे मना कर रहे हैं। स्टारलिंक इंटरनेट को लेकर मस्क की ओ’लेरी से ऑनलाइन बहस भी हुई।
‘रायनएयर का सीईओ बेवकूफ है’
मामले ने तूल पकड़ा और मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘रायनएयर का सीईओ पूरी तरह बेवकूफ है। उसे निकाल देना चाहिए।’ इस पोस्ट पर एक यूजर ने सुझाव दिया कि मस्क को रायनएयर खरीद लेनी चाहिए और ओ’लेरी को हटा देना चाहिए। इस पर मस्क ने जवाब दिया कि ‘अच्छा आइडिया है।’
‘रायन नाम के आदमी को दे दें रायनएयर’
मस्क ने इसके बाद एक्स पर एक पोल चलाया और पूछा, ‘क्या मुझे रायनएयर खरीद लेनी चाहिए और किसी ऐसे को इसकी कमान सौंपनी चाहिए जिसका असली नाम ही ‘रायन’ हो?’
‘क्या आपको वाई-फाई चाहिए मस्क?’
इसके बाद रायनएयर मस्क को लेकर आक्रामक हो गई। एयरलाइन ने एक्स के हालिया आउटेज का मजाक भी उड़ाया। एक्स डाउन हो जाने पर रायन एयर ने पोस्ट किया-‘शायद आपको वाई-फाई की जरूरत है एलन मस्क?’
मस्क को करेंगे ‘अनड्रेस’
रायनएयर ने एक आधिकारिक नोट में लिखा, “रायनएयर के सीईओ माइकल ओ’लेरी, बुधवार, 21 जनवरी सुबह 10:00 बजे डबलिन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, ताकि एलन मस्क की हालिया ‘Twitshit’ को एड्रेस (और मजाक में अनड्रेस) किया जा सके।
ग्रेट इडियट्स सेल
रायनएयर ने इस पूरे विवाद को भुनाते हुए बिग इडियट सीट सेल लॉन्च की है। एयरलाइन ने कहा, ‘शायद मस्क को ब्रेक की जरूरत है? रायनएयर विशेष रूप से एलन और एक्स पर मौजूद दूसरे मूर्खों के लिए ‘बिग इडियट सेल’ लॉन्च कर रही है। इससे पहले की मस्क टिकट बुक करे, आप बुक कर लें। 1 लाख सीटें सिर्फ €16.99 में उपलब्ध हैं।”




