फिरोजाबाद में 23 जनवरी 2026 को शाम 6:00 बजे से 6:10 बजे तक 10 मिनट के लिए ब्लैक आउट एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के अभ्यास के तहत लोगों से घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली बंद रखने की अपील की है। यह अभ्यास पी.डी. जैन इंटर कॉलेज के खेल परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र में होगा। इसका उद्देश्य बचाव संबंधी आपातकालीन विधियों का अभ्यास और प्रदर्शन करना है। जिलाधिकारी ने क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठानों, चैंबरों, कार्यालयों और आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर दें, ताकि बाहर कोई प्रकाश दिखाई न दे। ब्लैक आउट के दौरान लोगों से घरों में रहने, सभी लाइटें बंद रखने और बाहर माचिस, लाइट या टॉर्च का उपयोग न करने का आग्रह किया गया है। यदि कहीं से प्रकाश बाहर आ रहा हो, तो वहां काला कागज चिपकाने की सलाह दी गई है। नागरिकों को ध्यान से चलने, भागने से बचने, धूम्रपान न करने और मोबाइल या फ्लैश लाइट का इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए गए हैं। यह ब्लैक आउट सिविल डिफेंस, फिरोजाबाद के वार्डनों की सहायता से लागू किया जा रहा है। इस अभ्यास का उद्देश्य भविष्य में हवाई हमले (युद्ध) जैसी विषम परिस्थितियों में होने वाले ब्लैक आउट के प्रति जनता को जागरूक करना और उनका सहयोग प्राप्त करना है।


