जबलपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बढ़े अपराधों और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान रैली इसी क्षेत्र से भाजपा विधायक रहे अंचल सोनकर के घर के सामने से निकली थी। तब सोनकर के बेटे सुशांत उर्फ राजा सोनकर मकान की बालकनी से पिस्तौल और एक महिला चप्पल दिखाते नजर आ रहे हैं। इस घटना का वीडियो सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि राजा पिस्तौल दिखाते हुए मारने का इशारा कर रहे हैं। इससे मामला तूल पकड़ गया है। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति ली, तो एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने कांग्रेस से लिखित शिकायत मांग ली है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विधिवत आवेदन मांगा है। हम आवेदन थाना प्रभारी को भेजकर वीडियो की पुष्टि कराकर मामले में एफआईआर दर्ज करेंगे। पिस्तौल नहीं खिलौना था मामले के तूल पकड़ते ही पूर्व विधायक के बेटे राजा ने सफाई दी है। उन्होंने एसपी को एक शिकायत पत्र सौंपा है, जिसमें कहा है कि मैं राजनीतिक परिवार से हूं, इसलिए अन्य राजनीतिक संगठन मेरी और मेरे परिवार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मेरे घर के सामने से रैली निकाल रहे थे। घर के सामने आकर कार्यकर्ता मेरे, पिता और भाजपा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए नारेबाजी करने लगे। मुझे और मेरे पिता को गालियां दी गईं। राजा ने कहा कि रैली निकलते समय मैं अपने बच्चे के साथ खेल रहा था। उसी की खिलौने वाली बंदूक लेकर मैं बालकनी में आ गया। भीड़ मेरे घर की तरफ आ रही थी, इसलिए मैंने उसी बंदूक (खिलौने) को दिखाकर उसे रोकने का प्रयास किया है। परिवार की छवि धूमिल करने के लिए इस खिलौने को असली बंदूक बताया जा रहा है। यह अफवाह है। झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास भी किया जा रहा है।


