सिर्फ सनी देओल ही नहीं, ‘बॉर्डर 2’ में नजर आएंगे अक्षय खन्ना भी? प्रोड्यूसर निधि दत्ता ने बता दिया सच

सिर्फ सनी देओल ही नहीं, ‘बॉर्डर 2’ में नजर आएंगे अक्षय खन्ना भी? प्रोड्यूसर निधि दत्ता ने बता दिया सच

Akshaye Khanna Cameo in Border 2: जेपी दत्ता की आइकॉनिक वॉर फिल्म बॉर्डर भारतीय सिनेमा के इतिहास में देशभक्ति की एक मजबूत पहचान रही है। अब उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए ‘बॉर्डर 2’ तैयार है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन इसी बीच एक सवाल लगातार चर्चा में रहा- क्या इस फिल्म में अक्षय खन्ना की वापसी होने वाली है? अब इस सवाल का सीधा और साफ जवाब खुद निर्माता निधि दत्ता ने दे दिया है।

निधि दत्ता ने बताया सच

‘बॉर्डर 2’ को जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता प्रोड्यूस कर रही हैं। ‘जूम’ के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि अक्षय खन्ना फिल्म में कैमियो करते नजर आ सकते हैं। निधि दत्ता ने साफ शब्दों में कहा कि अक्षय खन्ना का इस प्रोजेक्ट से कोई लेना-देना नहीं है और मेकर्स ने उनसे संपर्क तक नहीं किया।

गाने के रिलीज के बाद शुरु हुईं अटकलें

दरअसल, इन अफवाहों की शुरुआत फिल्म के पहले गाने ‘घर कब आओगे’ के रिलीज के बाद हुई। यह गाना राजस्थान के ऐतिहासिक लोंगेवाला और तनोट जैसे लोकेशनों पर लॉन्च किया गया था, जहां बीएसएफ के जवान, उनके परिवार और हजारों प्रशंसक मौजूद थे। गाने के एक सीन में नजर आए एक कलाकार की शक्ल अक्षय खन्ना से काफी मिलती-जुलती लगी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया। फैंस को लगा कि शायद अक्षय खन्ना चुपचाप बॉर्डर 2 का हिस्सा बन चुके हैं।

निधि दत्ता ने बताया संयोग

हालांकि, निर्माता के अनुसार यह महज एक संयोग था। जिस कलाकार को देखकर दर्शक अक्षय खन्ना समझ बैठे, वो कोई और ही अभिनेता था, जो दिखने में उनसे मिलता-जुलता है। निधि दत्ता ने यह भी साफ किया कि ‘बॉर्डर 2’ किसी भी पुराने किरदार को आगे नहीं बढ़ा रही, बल्कि यह एक स्पिरिचुअल सीक्वल है, जिसमें नए किरदार और नई कहानी देखने को मिलेगी।

फिल्म की स्टारकास्ट

फिल्म में जहां सनी देओल एक बार फिर देशभक्ति की भावना को मजबूती से सामने लाते नजर आएंगे, वहीं उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और जज्बे को सलाम करती है, ठीक उसी भावना के साथ, जिसके लिए पहली बॉर्डर याद की जाती है।

अनुराग सिंह ने किया निर्देशन

बॉर्डर 2 को गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है और इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा जैसी अभिनेत्रियां भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।

देशभक्ति, भावना और नए चेहरों के साथ ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में वही जगह बना पाती है या नहीं, जो कभी बॉर्डर ने बनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *