फिरोजाबाद। घने कोहरे ने एक बार फिर रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसके चलते ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से 12 घंटे की देरी से स्टेशनों पर पहुंचीं। स्थिति को देखते हुए रेल प्रशासन ने डाउन की नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है, जिससे यात्रियों को कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली और आगरा की ओर जाने वाली अवध एक्सप्रेस तीन घंटे, मगध एक्सप्रेस तीन घंटे और आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस 12 घंटे की देरी से पहुंची। वहीं, कानपुर की दिशा में जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल ढाई घंटे, नेताजी एक्सप्रेस ढाई घंटे और दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से टूंडला पहुंची। ट्रेनों के विलंब और रद्द होने के कारण प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा रही, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। लगातार दूसरे दिन घने कोहरे से आम जनमानस को हल्की राहत मिली है। सुबह सूरज निकलने के बाद न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में धूप निकलने के बाद अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे शीतलहर का असर अभी भी बना हुआ है। पिछले दो दिनों से मौसम साफ होने के बाद सड़कों और बाजारों में रौनक लौटती दिख रही है, लेकिन सुबह के समय रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में अभी भी खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।


