बलिया में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) के तहत निजी स्कूलों में कमजोर एवं वंचित समूह के बच्चों के निःशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने ऑनलाइन आवेदन के साथ ही पूरी समय-सारिणी जारी की है, जिसके अनुसार प्रवेश प्रक्रिया को तीन चरणों में बांटा गया है। प्रथम चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक किए जा सकेंगे। इसी अवधि में बीएसए द्वारा आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें लॉक किया जाएगा। इसके बाद, 18 फरवरी को लॉटरी निकाली जाएगी और 20 फरवरी तक बीएसए द्वारा विद्यालयों को आवंटन के सापेक्ष नामांकन के आदेश जारी किए जाएंगे। दूसरे चरण के लिए आवेदन की तिथि 21 फरवरी से 7 मार्च तक निर्धारित की गई है। वहीं, तीसरे चरण के आवेदन 12 मार्च से 25 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे। जनपद के अलाभित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों के माता-पिता इन निर्धारित तिथियों में अपने निवास के ग्राम पंचायत/वार्ड के गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेश के लिए नियमानुसार आवेदन कर सकते हैं। उन्हें निर्धारित वेबसाइट पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आवेदन का प्रिंट आउट तथा अन्य संलग्नक अपने पास सुरक्षित रखने होंगे। प्रवेश संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए संबंधित विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। छात्र के प्रवेश के लिए पात्रता और शर्तें निर्धारित वेबसाइट पर देखी जा सकती हैं।


