देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। बरियारपुर थाना अंतर्गत हुई यह घटना एक ई-रिक्शा की टक्कर से हुई। मृतक छात्र की पहचान 12 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। वह अगंद सिंह का पुत्र था। मनीष अपने घर के सामने से पड़ोसी के घर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान एक ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को तुरंत देवरिया स्थित महर्षि देव राव मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ई-रिक्शा चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया है कि मृतक मनीष गांव के एक निजी स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


