सहारनपुर में कांग्रेस ने DM को सौंपा ज्ञापन:आयुष्मान कार्ड, सफाई और स्मार्ट सिटी पर उठाईं जनसमस्याएं

सहारनपुर में कांग्रेस ने DM को सौंपा ज्ञापन:आयुष्मान कार्ड, सफाई और स्मार्ट सिटी पर उठाईं जनसमस्याएं

सहारनपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को डीएम मनीष बंसल को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया गया, जिनमें आयुष्मान कार्ड, सफाई व्यवस्था और स्मार्ट सिटी योजना से जुड़े मुद्दे प्रमुख थे। कांग्रेस ने मांग की कि जनपद के प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। नेताओं ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अब भी इससे वंचित हैं। ज्ञापन में पोस्ट ऑफिस रोड के दोनों ओर रोडवेज बसों के ठहराव पर भी आपत्ति जताई गई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बसों के खड़े होने से आम जनता, विशेषकर महिलाओं और स्कूल-कॉलेज की छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी होती है। उन्होंने बस स्टैंड का स्थान बदलने की मांग की। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स और अन्य करों में की जा रही बढ़ोतरी का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि पर्याप्त जनसुविधाएं दिए बिना उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। घंटाघर से कोर्ट रोड, वार्ड नंबर-24 में फुटपाथ के नीचे बिछी सीवर लाइन और बिजली के तारों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। बताया गया कि सीवर लाइन को ढमोला नदी पर बने सीवर प्लांट से जोड़ने का काम पिछले लगभग पांच वर्षों से लंबित है, जबकि नगर निगम अधिकारियों को कई बार सूचित किया जा चुका है। सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने कहा कि स्मार्ट सिटी होने के बावजूद नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भारी कमी है, जिससे शहर की सफाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने नई नियुक्तियां करने की मांग की। जिला पूर्ति कार्यालय पर आरोप लगाया गया कि राशन की दुकानों पर गेहूं और चावल के साथ उपभोक्ताओं को जबरन सर्फ का पैकेट दिया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे उपभोक्ताओं के साथ जबरदस्ती बताया। कांग्रेस ने जिलाधिकारी से इन सभी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रवीण चौधरी, चंद्रजीत सिंह निक्कू, गौरव वर्मा, वरुण शर्मा, अक्षय चौधरी, मुनीष सहगल, अनीस शम्स और गुलशेर आलम सहित कई नेता शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *