छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट (एसबीएम) में मंगलवार को राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता अभियान के दूसरे सत्र का आयोजन किया गया। यह अभियान ‘उसके धन को सशक्त बनाएं, उसके भविष्य को सशक्त बनाएं’ शीर्षक के तहत चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। यह राष्ट्रीय अभियान मीराए एसेट म्यूचुअल फंड और फिनएक्स की रणनीतिक साझेदारी में संचालित हो रहा है, जबकि सीआईईएल क्रियान्वयन सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। 15 दिवसीय यह अभियान 12 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक देशभर में चल रहा है, जिसके तहत लगभग 30 हजार महिलाओं तक वित्तीय जागरूकता पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट ने मीराए एसेट और फिनएक्स के साथ समन्वय स्थापित कर इस कार्यक्रम की योजना और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के दूसरे सत्र का संचालन उद्योग विशेषज्ञ निहारिका गुप्ता ने किया, जो मीराए एसेट–फिनएक्स पहल से जुड़ी प्रशिक्षक हैं। सत्र के दौरान उन्होंने बचत का महत्व, महंगाई का प्रभाव, म्यूचुअल फंड, सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी), चक्रवृद्धि ब्याज की शक्ति और लक्ष्य आधारत वित्तीय योजना जैसे विषयों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से यह भी बताया कि सही समय पर निवेश कर भविष्य को कैसे सुरक्षित किया जा सकता है। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए लाइव क्विज़, चर्चा सत्र और प्रश्नोत्तर का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों को यह समझने में मदद मिली कि छोटी-छोटी बचत और नियमित निवेश लंबे समय में बड़ा लाभ दे सकते हैं। इस अवसर पर एसबीएम के निदेशक प्रो. सुधांशु पांडिया ने कहा कि मीराए एसेट–फिनएक्स–सीएसजेएमयू की यह साझेदारी छात्राओं और युवा महिलाओं में वित्तीय आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों को व्यावहारिक जीवन के लिए तैयार करना भी है।


