GSVM में मेडिकल थीसिस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी:मेडिकल छात्रों को प्रभावी शोध लेखन के वैज्ञानिक गुर सिखाए गए

GSVM में मेडिकल थीसिस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी:मेडिकल छात्रों को प्रभावी शोध लेखन के वैज्ञानिक गुर सिखाए गए

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में मेडिकल शोध की गुणवत्ता को नई दिशा देने के उद्देश्य से “इफेक्टिव मेडिकल थीसिस राइटिंग” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एवं इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड स्टैटिस्टिक्स, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पीजी स्कॉलर्स और युवा फैकल्टी सदस्यों ने सहभागिता की। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य मेडिकल छात्रों और शोधार्थियों को थीसिस लेखन की वैज्ञानिक, नैतिक और व्यावहारिक समझ प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के संरक्षक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला रहे। आयोजन अध्यक्ष के रूप में प्रो. डॉ. सुनीति पांडेय ने शोध में गुणवत्ता और ईमानदारी के महत्व पर जोर दिया। आयोजन सचिव डॉ. सीमा द्विवेदी एवं सह-अध्यक्ष डॉ. सौरभ अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। बीएचयू, वाराणसी से आईं डॉ. मनुषी श्रीवास्तव ने मजबूत थीसिस फ्रेमवर्क तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि शोध की नींव स्पष्ट उद्देश्य, गहन साहित्य समीक्षा और सही शोध पद्धति पर आधारित होनी चाहिए। दूसरे सत्र में आंकड़ों के विश्लेषण और परिणाम लेखन पर विशेष ध्यान दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि गलत सांख्यिकीय परीक्षण पूरे शोध को कमजोर बना सकते हैं। अंतिम सत्र में निष्कर्ष लेखन, अध्ययन की सीमाएं, संदर्भ लेखन शैली और प्लेज़रिज़्म से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी दी गई। कार्यक्रम निःशुल्क था, जिससे अधिक से अधिक शोधार्थी लाभ उठा सकें। प्रतिभागियों ने संगोष्ठी को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें थीसिस लेखन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को समझने में मदद मिली। यह आयोजन मेडिकल शोध को अंतरराष्ट्रीय मानकों तक ले जाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *