उदयपुर में फलासिया थाने के आमलिया क्षेत्र के भवरिया फला में मंगलवार को गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाली पिकअप ने एक डेढ़ वर्षीय बच्चे को चपेट में ले लिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टक्कर मारने वाला ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और पिकअप ट्रक को गैस सिलेंडर सहित कब्जे में लिया। मृतक बच्चे के शव को झाड़ोल हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी है। मृतक बच्चा चार बहनों में सबसे छोटा और इकलौता भाई था। पिता हीरालाल खेती करते हैं। पहले बाउंड्री से टकराई, फिर रिवर्स लेते वक्त चढ़ा दी: थानाधिकारी
फलासिया थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि आमलिया के भंवरिया फला में डेढ़ वर्षीय बालक विवेक पुत्र हीरालाल पारगी अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी गैस सप्लाई करने पहुंची पिकअप अनियंत्रित होकर पहले तो स्कूल की बाउंड्री से टकराई। फिर जल्दबाजी में रिवर्स लेने के चक्कर में बच्चे पर चढ़ा दी। बच्चे ने वहीं तड़पते हुए दम तोड़ दिया। अचानक हुए इस हादसे को देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया तो ड्राइवर पिकअप वहीं छोड़ भाग गया। परिजन बच्चे को लेकर फलासिया अस्पताल पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को गैस सिलेंडर सहित कब्जे में लिया। ग्रामीणों ने किया विरोध, एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीण विरोध पर उतर आए और एकत्रित होकर थाने पहुंचे। जहां थानाधिकारी से गैस एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और ड्राइवर को जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। साथ ही मृतक परिवार को मुआवजा दिलाने की भी मांग की। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल


