संतकबीरनगर में एक हैरान करने वाले चोरों के गिरोह का खुलासा हुआ है, इस गिरोह का सरगना सिर्फ इसलिए चोरी करने लगा क्योंकि उसका शौक अपनी शादी को बेहद ही लग्जरी ढंग से करने का था। जब पुलिस ने चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया तो सभी हैरान हो गए।
गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने अंतर्जनपदीय चोर गैंग के कुल 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर कई घटनाओं का खुलासा किया। संतकबीर नगर पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के लीडर बलजीत यादव समेत अन्य चोरों को गिरफ्तार किया।
चोरी का 80 प्रतिशत माल बरामद
पुलिस के हत्थे चढ़े इस गैंग के पास से करीब 30 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा 75 हजार 200 रुपये नकद और एक अवैध तमंचा भी मिला है। पुलिस का दावा है कि उन्होंने चोरी किए गए माल का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया है।
पत्नी को डायमंड हार देने की चाहत में बन गया शातिर चोर
पुलिस की पूछताछ में गैंग के सरगना बलजीत यादव ने बताया कि उसकी शादी अगले महीने फरवरी में होने वाली थी। वह अपनी शादी को बेहद शानदार ढंग से करना चाहता था, अपनी होने वाली पत्नी को हीरे के गहने देने की चाहत में उसने चोरी का रास्ता चुना।
यह गैंग बाइक से घूमकर बंद पड़े बड़े मकानों की रेकी करता था और मौका पाते ही अपना हाथ साफ कर देता था। गिरोह के सदस्य इतने शातिर थे कि कुछ गहने उन्होंने राहगीरों को अपनी मजबूरी बताकर बेच दिए थे, तो कुछ सहजनवा में सुनार से गलवा दिए थे।
संदीप कुमार मीना, SP संतकबीरनगर
SP संदीप कुमार मीना के मुताबिक, इस गैंग ने बखिरा और बेलहरकला थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। इस शानदार कामयाबी के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की गई है,अब दुल्हा मंडप की जगह जेल पहुंच गया है।


