गोंडा के यूपी कोऑपरेटिव बैंक बड़गांव शाखा में हुए 21 करोड़ रुपए के घोटाले की जांच तेज कर दी गई है नगर कोतवाली पुलिस के क्राइम इंस्पेक्टर और विवेचक सभाजीत सिंह ने बैंक के शाखा प्रबंधक भुवन चंद्र सती को नोटिस जारी कर जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है। विवेचक सभाजीत सिंह ने शाखा प्रबंधक से 2021 से 2024 तक के सभी लोन खातों और उनसे हुए लेनदेन की प्रमाणित विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें ऑडिट रिपोर्ट, अप्रेजल रिपोर्ट, ऋण लेने के लिए रजिस्ट्री कागजात, खाताधारकों के स्टेटमेंट और बैंक के आंतरिक खातों से निकाली गई धनराशि व उसके गंतव्य से संबंधित स्टेटमेंट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 2021 से 2024 तक बैंक में शाखा प्रबंधक, कैशियर और लोन विभाग में तैनात रहे अधिकारियों व कर्मचारियों की भी जानकारी मांगी गई है। इसमें उनके नाम, पति का नाम और मोबाइल नंबर सहित पूरी डिटेल शामिल है, ताकि जांच को सही दिशा मिल सके। इस घोटाले में नामजद 15 आरोपियों के खिलाफ भी नगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। विवेचक सभाजीत सिंह ने बताया कि पूर्व शाखा प्रबंधक पवन पाल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वर्तमान प्रबंधक से मिले दस्तावेजों के आधार पर जांच में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। इसके साथ ही साथ उन खाता धारकों से भी पूछताछ करने की तैयारी में नगर कोतवाली पुलिस जुटी हुई है जो जांच के दायरे में आए हैं।


