गोरखपुर में खजांची फ्लाइओवर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। यह फ्लाइओवर जेल बाईपास को सीधे स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से खजांची चौराहा, मेडिकल कॉलेज, पदरी बाजार और नेपाल बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को नया और सुगम रास्ता मिलेगा। शहर के व्यस्त इलाकों में जाम की समस्या कम होगी और लोगों का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा। 100 करोड़ की लागत, 600 मीटर लंबा 4 लेन फ्लाइओवर
इस परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। फ्लाइओवर की कुल लंबाई लगभग 600 मीटर है और इसे 4 लेन में बनाया गया है। बढ़ते ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए इसे चौड़ा और मजबूत डिजाइन दिया गया है, ताकि भविष्य में भी वाहन दबाव को आसानी से संभाला जा सके। सुरक्षा और खूबसूरती दोनों पर फोकस
फ्लाइओवर पर स्ट्रीट लाइट, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक सिग्नल लगाए जा रहे हैं। बाउंड्री वॉल पर लगाए गए व्यू कटर हवा के दबाव और रात में सामने से आने वाली रोशनी की चमक को कम करेंगे। फ्लाइओवर के नीचे बने पिलर्स पर आर्टवर्क किया गया है, जिससे आसपास का इलाका ज्यादा आकर्षक नजर आ रहा है। जनवरी 2023 में शुरू हुआ था निर्माण, 99% काम पूरा
खजांची फ्लाइओवर का निर्माण जनवरी 2023 में शुरू हुआ था। सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक अब करीब 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। फिलहाल फिनिशिंग, सेफ्टी टेस्टिंग और एप्रोच रोड का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि इसे समय पर जनता के लिए खोला जा सके। जनवरी–फरवरी में ट्रैफिक के लिए खुलने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार फ्लाइओवर को जनवरी–फरवरी के बीच ट्रैफिक के लिए खोला जा सकता है। हालांकि उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं हुई है। प्रशासन की मंजूरी के बाद ही इसे औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा। ड्रेनेज के चलते आई देरी
निर्माण के दौरान एप्रोच रोड की तरफ नाला और ड्रेनेज सिस्टम बनाना जरूरी हो गया था। दिसंबर 2025 में नाला निर्माण और मिट्टी भराव का काम पूरा हुआ। इसके बाद फिनिशिंग का काम तेज हुआ। दिसंबर में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान कुछ दिनों तक जाम भी लगा, जिसे बाद में सड़क सुधार और साइनेज ठीक कर नियंत्रित किया गया। शहर और यात्रियों को होगा बड़ा फायदा
फ्लाइओवर शुरू होने के बाद मेडिकल कॉलेज, पदरी बाजार, बरगदवा–कौवाबाग बाईपास, जेल रोड और नेपाल बॉर्डर की ओर जाने वाला ट्रैफिक अलग हो जाएगा। इससे मुख्य चौराहों पर दबाव कम होगा। ट्रैफिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह फ्लाइओवर भविष्य की जरूरतों को देखते हुए शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। मल्टी-लेन प्लान का हिस्सा, और रूट भी होंगे तैयार
खजांची फ्लाइओवर शहर की मल्टी-लेन और ट्रैफिक डिवर्जन योजना का हिस्सा है। मार्च 2026 तक दो और फ्लाइओवर, लिंक रोड और नए रूट जोड़ने की तैयारी चल रही है। फ्लाइओवर खुलने से पहले ट्रैफिक पुलिस को रूट डायवर्जन, साइनेज और चेतावनी प्वाइंट तय करने होंगे। सेतु निगम बोला- जाम से मिलेगी राहत
सेतु निगम के प्रोजेक्ट लीड अरुण कुमार सिंह ने बताया कि फ्लाइओवर चालू होने से रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। बचा हुआ काम तेजी से पूरा किया जा रहा है और इसे जल्द ही सार्वजनिक यातायात के लिए खोलने की तैयारी है।


