धीरेंद्र शास्त्री से अर्जी- हनुमान जी को बुलाओ, मिलना है:ये मुख्यमंत्री बनेगा.. ऐसा सुनकर शरमाए जीतू पटवारी; ‘गदर’ के सन्नी देओल बने डीजीपी

धीरेंद्र शास्त्री से अर्जी- हनुमान जी को बुलाओ, मिलना है:ये मुख्यमंत्री बनेगा.. ऐसा सुनकर शरमाए जीतू पटवारी; ‘गदर’ के सन्नी देओल बने डीजीपी

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। बच्चे के सवाल पर कथा पंडाल में गूंजे ठहाके
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के दौरान एक मासूम बच्चे के सवाल ने पूरे पंडाल को खूब गुदगुदाया। यूपी के बांदा में चल रही कथा के मंच से जब बच्चे ने भोलेपन से पूछा- आपके पास हनुमान जी रहते हैं? तो पंडित शास्त्री ने मुस्कुराते हुए कहा- हां। इतना सुनते ही बच्चे ने तुरंत अगला सवाल दाग दिया। उसने कहा- तो उन्हें बुलाकर लाइए, मुझे उनसे मिलना है। बच्चे की इस मासूम और बेबाक बात पर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा और खुद पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी हंसी नहीं रोक पाए। इसके बाद पंडित शास्त्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में बच्चे को जवाब देते हुए कहा- बेटा, वो हमारे अंकल थोड़ी हैं, जो ऐसे ही बुला लें। वो ऐसे नहीं आते। उन्होंने आगे मजाकिया लहजे में कहा- हम दुनिया के मजे लेते हैं और तुम हमारे मजे ले रहे हो। इस पूरे संवाद के दौरान माहौल पूरी तरह खुशनुमा बना रहा और श्रद्धालुओं के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। अंत में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बच्चे को बागेश्वर धाम आने का निमंत्रण भी दिया। सज्जन वर्मा की बात पर शरमाए जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर कहा कि वो मुख्यमंत्री बनेगा, प्रधानमंत्री बनेगा। कांग्रेस नेता पिछले दिनों देवास के क्षिप्रा में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सज्जन वर्मा मजाकिया लहजे में लोगों से कहा- अब हम जीतू पटवारी को राष्ट्रपति बना दें, तब वोट दोगे क्या? उसकी उम्र राष्ट्रपति बनने की है ही नहीं, अभी वो मुख्यमंत्री बनेगा, प्रधानमंत्री बनेगा। सज्जन वर्मा की इस बात पर जीतू पटवारी मंच पर ठीक वैसे ही शरमा गए, जैसे कोई नौजवान सबके सामने शादी की बात सुनकर शरमा जाता है। यह नजारा देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे। इसी कार्यक्रम में जीतू पटवारी ने दावा किया कि अगली बार कांग्रेस की, किसान की सरकार बनेगी। खरी बात ये है कि अभी मंडप सजा ही नहीं है और कांग्रेस में दूल्हे तैयार हो गए हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के लिए समर्थकों ने ‘हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, उमंग सिंघार जैसा हो’ के नारे लगाए थे। भाजपा विधायक ने खिलाए गोलगप्पे और पकौड़े
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महान आर्यमान सिंधिया के पैर छूने के बाद सुर्खियों में आए शिवपुरी से भाजपा विधायक देवेंद्र जैन एक बार फिर अलग अंदाज में नजर आए। वे एक सामाजिक कार्यक्रम में लोगों को अपने हाथों से गोलगप्पे खिलाते और पकौड़े परोसते दिखाई दिए। विधायक देवेंद्र जैन के इस अंदाज को देखकर हर कोई हैरान रह गया। जो लोग उन्हें नहीं जानते थे वो उन्हें गोलगप्पे वाले की तरह ट्रीट कर रहे थे। कुछ लोग उनसे सूखी पपड़ी मांगते नजर आए। वैसे हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह ही चुके हैं कि पकौड़े बेचना भी रोजगार ही है। शायद विधायक ने उसी सोच के साथ युवाओं को यह संदेश देने की कोशिश की होगी कि कोई काम छोटा नहीं होता है। डीजीपी के गाने पर थिरक उठे पुलिस अफसर
मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी कैलाश मकवाना उस वक्त सबके लिए सरप्राइज बन गए, जब वे मंच पर सनी देओल के अंदाज में नजर आए। उन्होंने फिल्म ‘गदर’ का मशहूर गाना ‘मैं निकला गड्डी ले के’ गाया। जिस पर हर कोई थिरकने लगा। गाने के दौरान खुद डीजीपी कैलाश मकवाना भी संगीत की धुन पर झूमते नजर आए। दरअसल, राजधानी भोपाल में आयोजित आईपीएस मीट में डीजीपी कैलाश मकवाना अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक नहीं, बल्कि कई गाने गाए। बहुत कम लोग जानते थे कि डीजीपी साहब की आवाज इतनी शानदार है और उन्हें गाने का भी खास शौक है। इस मंच के जरिए डीजीपी कैलाश मकवाना की यह छिपी हुई प्रतिभा सबके सामने आ गई। उनकी इस परफॉर्मेंस की चर्चा अब पुलिस महकमे से लेकर सोशल मीडिया तक हो रही है और लोग उनके इस नए अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। ये भी पढ़ें –
शिवराज ने मोहन के मंत्री से कहा- डिस्टर्ब मत करो: राहुल से बोला नेता- जीतू पटवारी ने कांग्रेस खत्म कर दी विदिशा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच पर ही मंत्री राकेश सिंह को टोक दिया। उन्होंने कहा- राकेश जी, एक मिनट.. अभी हम बोल रहे हैं, डिस्टर्ब मत करो। राकेश सिंह सीएम से बात कर रहे थे। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा- मैं आपके सपोर्ट में ही खड़ा हूं। पूरी खबर पढ़ें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *