प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को राहत, दोनों तरफ से शुरू हुई एंट्री

प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को राहत, दोनों तरफ से शुरू हुई एंट्री

मौनी अमावस्या का स्नान पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। शहर के रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए सभी प्रतिबंध अगले आदेश तक के लिए हटा दिए गए हैं। यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसके बाद अब प्रयागराज जंक्शन पर दोनों तरफ से यात्रियों का आना-जाना शुरू हो गया है।

नैनी जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर लगी थी पाबंदियां

मौनी अमावस्या स्नान पर्व से एक दिन पहले उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज और नैनी जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर पाबंदियां लगा दी थीं। इन स्टेशनों पर एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकासी की व्यवस्था की गई थी। यह व्यवस्था 17 जनवरी से लागू थी और 20 जनवरी तक चलनी थी।

लोगों को स्टेशन पहुंचने में हो रही थी दिक्कत

इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रयागराज जंक्शन पर सिटी साइड से ही प्रवेश दिया जा रहा था और सिविल लाइंस की ओर से केवल निकासी हो रही थी। इससे लोगों को स्टेशन पहुंचने या बाहर निकलने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था।

अब सभी प्रतिबंध हटने के बाद स्टेशन पर आवाजाही सामान्य हो गई है। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल यात्रियों की संख्या सामान्य है, इसलिए प्रतिबंध हटा दिए गए हैं। हालांकि, अगर भीड़ फिर बढ़ती है तो जरूरत पड़ने पर दोबारा पाबंदियां लगाई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *