लखनऊ के विकासनगर इलाके में रहने वाले दवा व्यापारी की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक के पिता ने कुछ लोगों के दबाव के चलते घटना होने की आशंका जताई है। पिता की तहरीर पर विकास नगर थाने में मुकदमा दर्ज गया किया है। जौनपुर मड़ियाहू परसथ निवासी अनिरुद्ध कुमार पाठक ने बताया कि वह मौजूद समय में परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। उनका बेटा प्रद्युमन पाठक उर्फ पियूष (35) अपनी पत्नी अर्पिता के साथ गोमती नगर स्थित अलकनन्दा अपार्टमेंट में रहकर व्यवसाय कर रहा था। अनिरुद्ध कुमार पाठक कहना है कि 15 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे बहू अर्पिता का फोन आया। उसने बताया कि प्रद्युमन पाठक की गोली लगने से मौत हो गई है। सूचना के अनुसार घटना विकास नगर स्थित डीएस सेक्टर एन-1 लाला लाजपतराय गार्डन के पीछे हुई। सूचना मिलते ही पिता आनन-फानन लखनऊ पहुंचे। जहां उन्हें पता चला कि बेटे का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के पीछे कुछ लोगों की साजिश हो सकती है। उनके दबाव के चलते ही यह घटना हुई है। मामले में इंस्पेक्टर विकास नगर आलोक सिंह का कहना है कि पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।


