किताब न पढ़ पाने पर शिक्षकों का वेतन रोका:अठलोहिया गांव में गंदगी मिलने पर सफाईकर्मी निलंबित, DM ने संतकबीर नगर में किया निरीक्षण

किताब न पढ़ पाने पर शिक्षकों का वेतन रोका:अठलोहिया गांव में गंदगी मिलने पर सफाईकर्मी निलंबित, DM ने संतकबीर नगर में किया निरीक्षण

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सोमवार को बड़ी कार्यवाही की है। विकासखंड सांथा के पीएम श्री विद्यालय अठलोहिया और मेंहदावल विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज परसामाफी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में गंदगी और खराब पढ़ाई पर कार्रवाई करते हुए शिक्षकों का वेतन रोकने और सफाईकर्मी का मानदेय बाधित करने के निर्देश दिए। सांथा विकासखंड के पीएम श्री विद्यालय अठलोहिया के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि विद्यालय में पांच अध्यापक और एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री कार्यरत हैं। जब उन्होंने बच्चों से अंग्रेजी की किताब पढ़ने को कहा, तो मौके पर कोई भी बच्चा ऐसा नहीं कर पाया। इस पर जिलाधिकारी ने पढ़ाई पर ध्यान न देने के संबंध में सभी शिक्षकों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय में शौचालय सहित साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। स्थानीय सफाईकर्मी द्वारा नियमित रूप से कार्य न करने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और खंड शिक्षा अधिकारी को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सफाईकर्मी का वेतन रोकने का निर्देश भी डीपीआरओ को दिया। वही देर शाम डीपीआरओ ने जिलाधिकारी के निर्देश पर सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र बनकर तैयार है, जिसे तत्काल हैंडओवर करने के निर्देश जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। उन्होंने अनावश्यक देरी के लिए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। रसोईया का मानदेय पिछले अगस्त माह से नहीं मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजकीय इंटर कॉलेज परसामाफी के निरीक्षण में विद्यालय की दीवारों में सीलन और पानी का रिसाव पाया गया, जिसे ठीक कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। इस नए विद्यालय में तीन अध्यापक कार्यरत हैं, लेकिन अभी तक केवल तीन बच्चों ने ही प्रवेश लिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *