कोरबा बाल संप्रेषण गृह से अपचारी फरार:खिड़की तोड़कर भागा, पहले भी तीन अपचारी हो चुके हैं फरार

कोरबा बाल संप्रेषण गृह से अपचारी फरार:खिड़की तोड़कर भागा, पहले भी तीन अपचारी हो चुके हैं फरार

कोरबा के कोहड़िया स्थित बाल संप्रेषण गृह से 16 वर्षीय अपचारी बालक खिड़की की रॉड तोड़कर फरार हो गया है। यह घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र में हुई, जिसके बाद संप्रेषण गृह में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने तत्काल सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है। फरार हुआ बालक जांजगीर-चांपा का निवासी है। उसे चोरी के मामले में 9 दिन पहले ही इस संप्रेषण गृह में लाया गया था। बताया जा रहा है कि यह बालक पहले भी यहां से भाग चुका है। कुछ महीने पहले भी इसी बाल संप्रेषण गृह से तीन अपचारी बालक फरार हो गए थे। वे किचन शेड में काम करते समय मौका पाकर भागे थे। हालांकि, उन तीन में से एक बालक बाद में वापस आ गया था। संप्रेषण गृह का निरीक्षण पिछली घटना के बाद, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने संप्रेषण गृह का निरीक्षण किया था। उन्होंने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए थे। वर्तमान में संप्रेषण गृह में कुल 33 अपचारी बालक निरुद्ध हैं। राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने पूर्व में बताया था कि बच्चों के हित और सुविधाओं का जायजा लेने के लिए निरीक्षण किया गया था। उन्होंने तब कहा था कि पाई गई कमियों को जल्द दूर किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *