मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान फिरोजाबाद निवासी हरगोविंद सिंह के रूप में हुई है। वह शाम के समय अपनी बाइक से मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र स्थित रमपुरा गांव में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। यह हादसा सलेमपुर पड़िया के पास नरोत्तम सिंह डिग्री कॉलेज के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने हरगोविंद की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरगोविंद सड़क से उछलकर दूर झाड़ियों में जा गिरे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में पुलिस ने बाइक के दस्तावेजों के आधार पर परिजनों से संपर्क कर पहचान सुनिश्चित की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली व चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


