सायला के रेवतड़ा में स्थित सरकारी कॉलेज में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने समेत 11 सूत्री मांगों को लेकर स्कूल के सामने सायला से बागरा जाने वाले रास्ते को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। राजकीय महाविद्यालय रेवतड़ा में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से विशाल धरना- प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन में छात्र–छात्राओं ने महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया। एबीवीपी के छात्रनेता रमेश चौधरी और एनएसयूआई की छात्र नेत्री सुष्मिता गर्ग ने कहा कि लंबे समय से कॉलेज की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बागरा–सायला रोड़ को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर मौके पर तहसीलदार लक्ष्मी चौधरी एवं पुलिस प्रशासन पहुंचा। लगभग तीन से चार घंटे तक चली समझाइश के बाद प्रशासन द्वारा छात्रों की मांगों को यथाशीघ्र पूरा करवाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद छात्रों ने हाईवे जाम खोल दिया और 15 दिन का अल्टीमेट देकर धरना समाप्त किया। इन मांगों को लेकर दिया धरना


