कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भारतीय जनता पार्टी ने “विकसित भारत” और जी राम जी के संकल्प को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा भविष्य की नीतियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर दिया जोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ और जिला अध्यक्ष सुरेश बादलीवाल मौजूद थे। सभी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। बीजेपी प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि पहले 100 दिन का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन किया जाएगा।शर्मा ने यह भी बताया कि फसल कटाई के समय किसानों को मजदूरों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार मनरेगा श्रमिकों को दो महीने तक किसानों के साथ काम करने की छूट देने पर विचार कर रही है। विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार जनहित को सर्वोपरि रखकर काम कर रही है। उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए ठोस कदमों का उल्लेख किया, जिनसे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। विधायक धनकड़ बोले-बीजेपी जो कहती है करके दिखाती है
धनकड़ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है, वही करके दिखाती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी गई है और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। विधायक धनकड़ ने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समय में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में भाजपा नेताओं ने “विकसित भारत” के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


