हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस द्वारा मल्टीलेवल पार्किंग के निरीक्षण और न्याय पथ के लोकार्पण के बाद राम पथ को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर राम पथ को खाली कराया। इस अभियान में अधिवक्ताओं ने भी सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अपने वाहन हटाए।बताया जा रहा है कि राम पथ के लगभग 700 मीटर हिस्से में लंबे समय से वकीलों और वादकारियों की मोटरसाइकिलें और कारें खड़ी होती थीं। इससे यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी और आम लोगों, श्रद्धालुओं तथा मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता अवरुद्ध हो जाता था। गौरतलब है कि कल हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने अधिवक्ता द्वार और न्याय पथ का लोकार्पण किया था, साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राम पथ पर किसी भी तरह से वाहन खड़े न किए जाएं। निर्देश के बाद अब वकीलों और वादकारियों के वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि राम पथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी नियमित निगरानी की जाएगी, जिससे यातायात सुचारु रहे और आम जनता को राहत मिल सके।


