सनावद से रविवार सुबह एक युवती लापता हो गई। शाम में सूचना मिली कि उसे सनावद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सोमवार सुबह एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी युवक का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि सनावद के ग्राम धनगांव में अर्चना वाहन हादसे का शिकार हुई थी। उसके साथ दोस्त शुभम उर्फ शिवम नवल भी था। दोनों की बाइक को एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। एमवाय चौकी पुलिस के मुताबिक, मृतिका अर्चना (19) पुत्री रमेश चौहान, निवासी सुतारखेड़ा, जिला खंडवा है। उसे सनावद के सिविल अस्पताल से सोमवार सुबह करीब छह बजे एमवाय अस्पताल लाया गया था, जहां सुबह करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। अर्चना ग्राम सुतारखेड़ा में अपने दादा-दादी के साथ रहती थी। उसके पिता जलगांव में रहते हैं। रविवार को सुतारखेड़ा में समाज की बैठक थी, जिसमें दादा-दादी और चाचा शामिल होने गए थे। इसी दौरान अर्चना घर से चली गई। शाम को जब परिवार घर लौटा तो अर्चना घर पर नहीं थी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद परिवार नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचा, जहां पुलिस ने तलाश करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। परिवार के मुताबिक, शुभम उर्फ शिवम और अर्चना धनगांव तक कैसे पहुंचे, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। सनावद में अर्चना के परिवार को सूचना दे दी गई है। वहीं उसके पिता भी जलगांव से इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। अर्चना के दो भाई अपने माता-पिता के साथ रहते हैं।


