T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को तगड़ा झटका लगा है। जोबर्ग सुपर किंग्स (JSK) और प्रिटोरिया कैपिटल्स (PC) के बीच खेले गए एसए20 मैच के दौरान डोनोवन फरेरा के कंधे में फ्रैक्चर हो गया है। इस खतरनाक बैटिंग ऑलराउंडर को टी20 वर्ल्ड कप के लिए फिनिशर और बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना गया था। फरेरा का अब 7 फरवरी से खेले जाने वाले मेगा इवेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक प्रोटियाज की तरफ से उनके बाहर होने की पुष्टि नहीं की गई है।
एसए20 के मैच में हुए चोटिल
दरअसल, ये घटना शनिवार रात कैपिटल्स की पारी की आखिरी गेंद पर हुई। फरेरा कवर बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने एक चौका रोकने के लिए पूरी ताकत से छलांग लगाई, लेकिन वह अजीब तरह से अपने बाएं कंधे पर गिरे और तुरंत दर्द से कराहते नजर आए। चोट के बावजूद वह बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन एक गेंद ही खेल पाए। वह मुश्किल से अपना हाथ हिला पा रहे थे और चोट के कारण रिटायर हो गए। मैच के बाद उन्होंने माना कि उन्हें अच्छा महसूस नहीं हो रहा है। अब स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हो गई है।
एसए20 के बाकी मैचों से बाहर
फरेरा चोट के कारण एसए20 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं, जो सुपर किंग्स के लिए एक बड़ा झटका है। क्योंकि प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सुपर किंग्स को आज 19 जनवरी की रात पार्ल रॉयल्स को हराना होगा। वहीं, साउथ अफ्रीका की T20 वर्ल्ड कप 2026 टीम में एक जगह खाली हो गई है। अब उनके पास डेविड मिलर ही एकमात्र फिनिशर हैं।
डोनोवन फरेरा इतने महत्वपूर्ण क्यों?
बता दें कि फरेरा 2024 से दुनिया भर में T20 क्रिकेट में सबसे खतरनाक मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 177.08 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1716 रन बनाए हैं। साउथ अफ्रीका उन्हें छठे या सातवें नंबर पर एक्स-फैक्टर के तौर पर देख रहा था, जो मैच खत्म कर सकता था। इतना ही नहीं जरूरत पड़ने पर वह विकेटकीपिंग और पार्ट-टाइम स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते थे। इस तरह का थ्री-डाइमेंशनल क्रिकेटर मिलना दुर्लभ है। उन्होंने एसए20 के पांच मैचों में 7.87 की अच्छी इकॉनमी से पांच विकेट चटकाए।
2024 से सर्वश्रेष्ठ T20 स्ट्राइक रेट
| खिलाड़ी | पारी | रन | औसत | स्ट्राइक रेट | अर्धशतक | छक्के |
|---|---|---|---|---|---|---|
| डोनोवन फरेरा | 82 | 1716 | 26.81 | 177.08 | 7 | 127 |
| आंद्रे रसेल | 89 | 1452 | 23.41 | 168.83 | 2 | 122 |
| टिम डेविड | 91 | 2023 | 33.16 | 166.22 | 7 | 145 |
| रजत पाटीदार | 37 | 1105 | 32.5 | 166.16 | 12 | 67 |
| डेवाल्ड ब्रेविस | 53 | 1363 | 29.63 | 164.81 | 7 | 115 |
कौन होगा रिप्लेसमेंट?
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में उनकी जगह कौन लेगा? रयान रिकेटलटन दो एसए20 शतक लगाकर शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन वह ओपनर हैं। ट्रिस्टन स्टब्स का एसए20 अब तक प्रदर्शन काफी कमजोर रहा है। उनकी जगह मैथ्यू ब्रीत्ज़के को भी मौका मिल सकता है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका टीम
एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टोनी डी ज़ोरज़ी, डोनोवन फ़रेरा, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया, कगिसो रबाडा और जेसन स्मिथ।


