डीडवाना में भारत विकास परिषद की कार्यकारिणी बैठक हुई। यह बैठक क्षेत्रीय मंत्री विनोद सेन के मार्गदर्शन और शाखाध्यक्ष डॉ. गजादान चारण की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के सामूहिक गान से हुआ। शाखा मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्रीय मंत्री विनोद सेन ने डीडवाना शाखा के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष शाखा ने परिषद की सभी गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। परिषद के शीतल जल प्रकल्प और चिकित्सा उपकरण प्रकल्प को क्षेत्रीय स्तर पर सराहा गया है और परिषद की स्मारिका में भी स्थान मिला है, जो डीडवाना शाखा के लिए गौरव का विषय है। अध्यक्षीय उद्बोधन में शाखाध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने कहा कि परिषद केवल पदाधिकारियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक सदस्य के सक्रिय, सकारात्मक और समर्पित सहयोग से आगे बढ़ती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवा न तो हमारा शौक है और न ही मात्र अभ्यास, बल्कि यह हमारा संस्कार है। इसे निरंतर करते रहने से आत्मिक संतोष और सामाजिक सार्थकता की अनुभूति होती है। बैठक में परिषद की वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा की गई। शाखा सचिव सुरेन्द्र सोनी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि भारत विकास परिषद डीडवाना शाखा ने प्रखर युवा प्रतियोगिता में प्रांत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त, सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार से जुड़ी कई गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। शाखा के वित्त सचिव बालमुकुंद बगड़िया ने परिषद का वार्षिक वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इस अवसर पर महावीर सिंह चौहान, रामगोपाल बंजारा, हंसराज सोनी, शंभू सिंह गौड़, शिवकुमार शर्मा, ममता मोट, रश्मि शर्मा, कोमल अग्रवाल, मनीष भारूका, सुनील अग्रवाल, कमल शर्मा, सुशील गौड़, ओमप्रकाश मोदी, गोविंदलाल रूवटीया, दिनेश लदनीया, राजेंद्र कुमार माथुर, राकेश जांगिड़, लक्ष्मी नारायण शर्मा, राजेश कुम्पावत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


