धार जिले के ग्राम गुणावद में रविवार रात पुराने जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर गोली मारने की घटना सामने आई है। गोली चंदर सिंह जिराती के चेहरे पर लगी जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल चंदर सिंह जिराती को तुरंत धार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर बी.एल. पाटीदार ने बताया कि घायल के मुंह और नाक सहित चेहरे पर गंभीर चोट आई है। सीटी स्कैन कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने मामले की एमएलसी भी तैयार कर ली है। पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा कारण घायल की पत्नी ने बताया कि करीब दो महीने पहले जमीन को लेकर उनके बेटे के ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था। महिला के अनुसार रविवार रात अचानक बदमाशों ने उनके पति पर गोली चला दी। फायरिंग इतनी अचानक हुई कि वह कुछ समझ नहीं पाईं और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका कि गोली किसने चलाई। घर पर बैठे थे, गाली-गलौज के बाद की फायरिंग घायल के बेटे अर्जुन सिंह जिराती ने बताया कि उनके पिता घर पर बैठे थे। इसी दौरान चार से पांच लोग वहां पहुंचे। पहले गाली-गलौज की गई और फिर दो लोगों ने गोली चला दी, जबकि कुछ लोग आगे खड़े थे। अर्जुन सिंह के अनुसार गोली चलाने वाले व्यक्ति का नाम भेरू सिंह है और उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज घटना के बाद सादलपुर पुलिस ने भेरू सिंह और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की असल वजह साफ हो सकेगी।


