राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से ग्रेड थर्ड टीचर लेवल-2 का एग्जाम तीसरे दिन सोमवार को भी अजमेर के 15 सेंटर पर हो रहा है। यहां 3868 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड है। पहली पारी में चेकिंग कर सुबह 8 से 9 बजे तक सेंटर पर एंट्री दी गई। इस दौरान शूज व मौजे खुलवाकर चेक किया। स्टॉल आदि उतरवाए। सेंटर पर कैंडिडेट्स को जानकारी देने के लिए माइक भी लगाए और अनाउंस किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे। कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से अधिकृत फर्म ने सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। फर्म ही हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से तलाशी और बायोमेट्रिक व्यवस्था संभालीं। निगरानी के लिए सतर्कता दल गठित किए गए हैं, जिसमें प्रत्येक दल में एक आरएएस अधिकारी, एक आरपीएस अधिकारी और एक शिक्षा विभाग का अधिकारी शामिल है। सावित्री स्कूल, जेल तिराहा, कलेक्ट्रेट के बाहर, रोडवेज बस स्टेंड और सेशन कोर्ट के बाहर ट्रैफिक का अतिरिक्त जाप्ता लगाया गया है। इसके अलावा रोडवेज बसों की एक्स्ट्रा व्यवस्था की गई है। दूसरी पारी के लिए एक बजे से एन्ट्री शुरू होगी और दो बजे तक एन्ट्री दी जाएगी। तीन बजे एग्जाम शुरू होगा। दूसरी पारी में 48 सेंटर पर 14128 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड है। कल 20 जनवरी को प्रथम पारी में 03 सेंटर पर 669, 20 जनवरी को द्वितीय पारी में 04 सेंटर पर 1008 कैंडिडेट्स शामिल होंगे।


