विवेक ज्ञान से भिन्न होता है: Chief Justice

विवेक ज्ञान से भिन्न होता है: Chief Justice

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने रविवार को कहा कि विवेक ज्ञान से भिन्न होता है और उनका मानना ​​है कि विवेक का आशय इस बात को जानने से है कि कानून के अक्षरशः पालन पर कब जोर देना है और कब उस उद्देश्य को समझना है जिसकी पूर्ति के लिए वह कानून बनाया गया है।

पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय न्यायिक विज्ञान विश्वविद्यालय, कोलकाता के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि ज्ञान पुस्तकों, संभवत: कक्षा और प्रशिक्षण से शीघ्रता से प्राप्त किया जा सकता है लेकिन उसके बाद जो कुछ भी होता है वह अनुभव, त्रुटि और निरंतर चिंतन के माध्यम से कहीं अधिक धीरे-धीरे, अक्सर अपूर्ण रूप से आकार लेता है। प्रधान न्यायाधीश इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा, ‘‘विवेक का अर्थ यह जानना है कि कब बोलना है और कब मौन रहना अधिक महत्वपूर्ण है।’’
उन्होंने चार साल के अंतराल के बाद आयोजित दीक्षांत समारोह में कहा, ‘‘यह जानना जरूरी है कि कानून के अक्षरशः पालन पर कब जोर दिया जाए और इसके पीछे के उद्देश्य को समझा जाए।’’

स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण छात्रों को दीक्षांत समारोह में उनकी डिग्री प्रदान की गई, जिसमें उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति जे. बागची तथा कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल उपस्थित थे।

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘हम एक ऐसे युग में जी रहे हैं जहां तुरंत राय बन जाती है और बिना इंतजार किए प्रतिक्रिया की उम्मीद की जाती है।’’
उन्होंने कहा कि ऐसी दुनिया में विवेकशीलता दुर्लभ हो गई है और इसलिए यह ‘‘अत्यंत मूल्यवान’’ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *