सागर | डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के एनटीए द्वारा होने वाले कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट पोस्ट ग्रेजुएट (सीयूईटी पीजी) 2026 के लिए पंजीयन करने की तारीख बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 20 जनवरी तक पंजीयन कर सकेंगे। विद्यार्थी exams.nta.nic.in/cue t-pg या nta.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में 1901 सीटें हैं। सीयूईटी पीजी क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थी 2026-27 अकादमिक सत्र के लिए डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के साथ ही देश के अन्य सेंट्रल, स्टेट, प्राइवेट, डीम्ड यूनिवर्सिटी और अन्य संस्थानों के पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में अपनी योग्यता के अनुसार दाखिला ले सकेंगे। आवेदन फीस का भुगतान भी 20 जनवरी तक ही किया जा सकेगा और इसके बाद एनटीए करेक्शन विंडो खोलेगा। फॉर्म भरते समय विद्यार्थी से यदि कोई गलती हुई हो तो वे उसे 21 से 23 जनवरी के बीच सुधार सकते हैं। हालांकि यह सुधार केवल कुछ ही सेक्शंस में किया जा सकेगा। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, सीयूईटी पीजी 2026 का आयोजन 157 विषयों के लिए किया जा रहा है। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर के करीब 39 पाठ्यक्रम हैं। ये परीक्षा भारत के 292 शहरों और देश के बाहर 16 शहरों में होगी। सीयूईटी पीजी 2026 परीक्षा मार्च में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट मोड में होगी।


