सड़क पर उतरे ‘यमराज और चित्रगुप्त’:राजनांदगांव पुलिस ने अनोखे अंदाज में सिखाए यातायात नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट पर दिया जोर

सड़क पर उतरे ‘यमराज और चित्रगुप्त’:राजनांदगांव पुलिस ने अनोखे अंदाज में सिखाए यातायात नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट पर दिया जोर

राजनांदगांव पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात जागरूकता के लिए एक अनूठी पहल की। रविवार को शहर के व्यस्त जय स्तंभ चौक पर ‘यमराज’ और ‘चित्रगुप्त’ के वेश में कलाकारों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में यातायात विभाग तथा यूनिसेफ की टीम ने यह अभियान चलाया। कलाकारों ने यमराज और चित्रगुप्त का वेश धारण कर नाटकीय संवादों के जरिए लोगों को नियमों की अनदेखी से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया। यमराज के किरदार ने बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाले चालकों को रोककर उन्हें जीवन के महत्व से अवगत कराया। इस रचनात्मक पहल का उद्देश्य लोगों में डर पैदा करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षा के प्रति गंभीर बनाना था। पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियम वाहन चालकों को समझाए अभियान में यातायात प्रभारी, उनकी टीम और यूनिसेफ जिला समन्वयक दिव्या राजपूत ने वाहन चालकों को कई महत्वपूर्ण नियमों के बारे में जागरूक किया। इनमें दुपहिया वाहन पर हेलमेट की अनिवार्यता, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग, ट्रिपल राइडिंग से बचना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना और नशे में गाड़ी न चलाने की अपील शामिल थी। उन्हें बताया गया कि मोबाइल का प्रयोग और तेज गति जानलेवा हो सकती है। गति नियंत्रण पर भी विशेष जोर दिया गया। राजनांदगांव यातायात पुलिस ने जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें। पुलिस प्रशासन ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जिले में लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *