आगर मालवा जिले में बहुचर्चित केटामाइन ड्रग तस्करी मामले के मुख्य आरोपी और भाजपा नेता राहुल आंजना को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लगभग चार महीने से फरार चल रहे आंजना को रविवार को पकड़ा गया। इस मामले में 9 किलो से अधिक केटामाइन ड्रग जब्त की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई थी। पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर रविवार को बैजनाथ मार्ग स्थित हेलीपैड के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे राहुल आंजना को पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। सितंबर से था जब्त हुई ड्रग्स पिछले साल 12 सितंबर को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो गाड़ियों से 9.250 किलो केटामाइन ड्रग, 6 ग्राम एमडी ड्रग, अमोनियम क्लोराइड, 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल, ड्रग बनाने की मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए थे। इस जब्त माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई थी। इस प्रकरण में पहले ही तीन आरोपी ईश्वर मालवीय, दौलत सिंह आंजना और सुरेश आंजना को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। राहुल आंजना की चार महीने तक गिरफ्तारी न होने के कारण कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। हाल ही में आमला की तीर्थ हर्बल फार्म एंड नर्सरी से सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स द्वारा 10 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग और केमिकल पकड़े जाने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर आलोचनाएं और तेज हो गई थीं। इस बढ़ते दबाव के चलते कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान तेज किया था। इसी कड़ी में शनिवार को 62 किलो गांजा जब्त किया गया और अगले ही दिन रविवार को फरार चल रहे मुख्य आरोपी राहुल आंजना की गिरफ्तारी कर पुलिस ने यह साफ कर दिया कि वह अब एक्शन मोड में है। रिमांड की करेंगे मांग सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया कि आरोपी राहुल आंजना को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान ड्रग सप्लाई चैन, फंडिंग और नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की पूरी संभावना है। मां सरपंच, पिता रहे मंडल अध्यक्ष राहुल आंजना का राजनीतिक और सामाजिक रसूख भी इस मामले को खासा संवेदनशील बनाता है। उसके पिता सेवाराम आंजना पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उसकी मां सोहनबाई वर्तमान में सरपंच हैं। ऐसे में इस गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर जारी है।


