शाहजहांपुर में एक सरकारी राशन की दुकान पर कोटेदार और उसके परिवार पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया गया। यह घटना तौल मशीन के नेटवर्क न आने और बाजरा लेने से इनकार करने के विवाद के बाद हुई। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना तिलहर थाना क्षेत्र के धनेला गांव में हुई। कोटेदार हरीश चंद्र अपनी दुकान पर ग्राहकों को राशन बांट रहे थे। सुबह करीब 11 बजे गांव का रहने वाला रेहान राशन लेने आया। उस समय तौल मशीन में नेटवर्क नहीं आ रहा था, जिस पर हरीश चंद्र ने उसे थोड़ी देर बाद आने और बाजरा भी ले जाने को कहा। आरोपी ने बाजरा लेने से इनकार कर दिया और उसके बदले गेहूं व चना तुरंत देने की मांग की। हरीश चंद्र ने बताया कि बाजरा भी लेना होगा और अभी नेटवर्क नहीं आ रहे हैं। इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए चला गया और धमकी दी कि वह कुछ देर में वापस आएगा। करीब साढ़े 11 बजे आरोपी 10-12 साथियों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर लौटा। आरोप है कि सभी आरोपी धार्मिक नारे लगाते हुए कोटेदार के घर में घुस गए और हमला कर दिया। आरोपी ने बांके से हरीश चंद्र पर हमला किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। उनके भतीजे संजीत और भाई कल्लू पर भी हमला किया गया, जिससे वे भी घायल हो गए। हमलावरों ने तौल मशीन भी तोड़ दी और घटना के बाद फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि कोटेदार के साथ मारपीट की गई है। सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है, तहरीर प्राप्त हो गई है और एफआईआर दर्ज की जा रही है।


