पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के नाती की दुल्हन ने भारतीय डिजाइन का लहंगा पहना। इससे पाकिस्तानी नाराज हो गए। नवाज शरीफ की बेटी और वहां के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के बेटे जुनैद सफदर की शादी लाहौर में हुई। जुनैद ने शनिवार को नवाज शरीफ की पार्टी के ही सीनियर नेता शेख रोहेल असगर की पोती शंजे अली रोहेल से निकाह किया है। शंजे अली ने मेहंदी समारोह में भारतीय डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी का डिजाइन किया हुआ हरे रंग का लहंगा पहना। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पाकिस्तानी लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा- बड़े पाकिस्तानी राजनीतिक परिवार की शादी में भारतीय डिजाइनरों को क्यों चुना गया। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने शरीफ परिवार को गद्दार तक कहा। लोगों ने कहा– हमें देशभक्ति का पाठ पढ़ाने वाले खुद भारतीय ब्रांड चुनते हैं। कई यूजर्स ने दुल्हन का सपोर्ट किया शंजे अली रोहेल ने जो लहंगा पहना था उसमें पारंपरिक डिजाइन, अलग-अलग रंगों के हिस्से, मोटा सुनहरा बॉर्डर और हरे व गुलाबी रंग के दुपट्टे थे। इसके बाद शनिवार को निकाह हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उप प्रधानमंत्री इशाक डार भी मौजूद रहे। शादी समारोह में दुल्हन ने भारतीय डिजाइनर तरुण तहिलियानी की डिजाइन की हुई लाल साड़ी पहनी। कुछ लोगों का कहना था कि पाकिस्तानी डिजाइनर दुल्हन को ज्यादा देशी और सांस्कृतिक लुक दे सकते थे और भारतीय डिजाइनरों का चुनाव खास नहीं लगा। कुछ यूजर्स ने मशहूर पाकिस्तानी डिजाइनरों के नाम गिनाते हुए नाराजगी जताई। वहीं कुछ लोगों ने दुल्हन का समर्थन भी किया और कहा कि कपड़ों का चुनाव निजी फैसला होता है और फैशन की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में भी कई लोग पाकिस्तानी डिजाइनरों के कपड़े पहनते हैं। मरियम नवाज ने भी भारतीय डिजाइन का लहंगा पहना था मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि सिर्फ दुल्हन ही नहीं, बल्कि मरियम नवाज ने भी मेहंदी समारोह के लिए भारतीय डिजाइनर अभिनव मिश्रा का पाउडर-ब्लू लहंगा पहना था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस लहंगे की कीमत पाकिस्तानी करेंसी में करीब 4 लाख रुपए है। यह जुनैद सफदर की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने 2021 में आयशा सैफ से शादी की थी, लेकिन दो साल बाद दोनों का तलाक हो गया। जुनैद ने 2023 में सोशल मीडिया के जरिए अलग होने की जानकारी दी थी। सब्यसाची और तरुण तहिलियानी भारत के मशहूर ब्रांड सब्यसाची मुखर्जी भारत के सबसे जाने-माने फैशन डिजाइनर्स में से एक हैं। सब्यसाची को खास तौर पर ब्राइडल वियर और पारंपरिक भारतीय कारीगरी को नए अंदाज में पेश करने के लिए जाना जाता है। उनकी डिजाइन की हुई शादी की ड्रेस बॉलीवुड की कई बड़ी शादियों का हिस्सा रही है। अनुष्का शर्मा, दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ और बिपाशा बसु ने अपनी शादी में उनके आउटफिट्स पहने हैं। वहीं, तरुण तहिलियानी भारत के मशहूर फैशन डिजाइनर हैं। उन्होंने 1987 में पत्नी शैलजा तहिलियानी के साथ भारत का पहला मल्टी-डिजाइनर बुटीक ‘एन्सेम्बल’ शुरू किया और 1990 में ‘तहिलियानी डिजाइन स्टूडियो’ की स्थापना की। उनके डिजाइन कई बड़ी शादियों का हिस्सा रहे हैं। रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी ने फरवरी 2024 में गोवा में हुई अपनी शादी में उनके आउटफिट्स पहने थे। वहीं, राम चरण और उपासना कामिनेनी ने 2012 में अपनी शादी के लिए उनकी ट्रेडिशनल ड्रेस चुनी थी।
नवाज शरीफ की बहू ने भारतीय डिजाइनर का लहंगा पहना,PHOTOS:पाकिस्तानी बोले– पूर्व PM का परिवार गद्दार, देशभक्ति सिखाने वालों ने भारतीय ब्रांड चुना


