हरियाणा के खेल राज्य मंत्री और पलवल से विधायक गौरव गौतम के एक वीडियो को कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में एक यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मुकदमा पलवल शहर थाना पुलिस ने खेल मंत्री के निजी सचिव बृजमोहन की शिकायत पर दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘खरी-खरी न्यूज’ नामक चैनल ने मंत्री के एक मजाकिया भाषण को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। इसमें जातिवाद का रंग देकर समाज में वैमनस्य और अशांति फैलाने की कोशिश की गई। शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद के अनुसार, शिकायतकर्ता बृजमोहन ने बताया कि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हंसी-मजाक के तौर पर जुगनू और सांप की एक कहानी सुनाई थी। इस कहानी में किसी जाति, धर्म या नेता का नाम नहीं लिया गया था और न ही कोई संदर्भ दिया गया था। बृजमोहन ने आरोप लगाया कि यूट्यूब चैनल ने इसे गलत तरीके से पेश कर मंत्री की छवि खराब करने और समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


