पलवल के मिंडकोला गांव निवासी एक युवक की मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा कलवाका गांव के पास हुआ, जब युवक अपने दोस्त के साथ बाइक पर फरीदाबाद ड्यूटी पर जा रहा था। हादसे में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। गदपुरी थाना पुलिस ने बताया कि मिंडकोला निवासी रवि ने शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, उसका 22 वर्षीय भतीजा रोहित अपने दोस्त प्रिंस के साथ बाइक से फरीदाबाद जा रहा था। मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर कलवाका गांव के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही धतीर पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। घायल प्रिंस को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने रोहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के चाचा रवि की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


