कोरबा के कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना ने रविवार सुबह जुराली घाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर 6-7 ट्रैक्टरों को रेत निकालते हुए देखा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संयुक्त टीम के पहुंचते ही अधिकांश ट्रैक्टर चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगे। इसके बावजूद, एसडीएम खन्ना खुद नदी पार कर दूसरे छोर पर उत्खनन कर रहे एक ट्रैक्टर तक पहुंचे और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। ट्रैक्टर (सीजी 12 बी यू 6784) मौके पर एक ट्रिप रेत छोड़कर भाग गया था, जिसे जब्त कर कटघोरा थाने में सुपुर्द किया गया। वाहन पर अंकित ‘श्री कृष्णा ट्रैक्टर’ से जानकारी लेने पर पता चला कि यह ट्रैक्टर भरत प्रजापति के स्वामित्व का है। छापेमारी के दौरान तस्कर फरार, मोबाइल जब्त इसके अलावा अन्य ट्रैक्टर चालक भी भागने की कोशिश में अपने मोबाइल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इन मोबाइल के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। एसडीएम ने थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी को निर्देशित किया है कि संबंधित सभी व्यक्तियों के खिलाफ नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध रेत तस्करी सक्रिय अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि इस क्षेत्र में काफी लंबे समय से अवैध रूप से रेत की तस्करी की जा रही है। टीम को देखकर रेत तस्करों में हड़कंप मच गया और वे वहां से भाग खड़े हुए। ग्रामीण क्षेत्र के अलावा, कोरबा शहरी क्षेत्र में भी अवैध रेत तस्करी का खेल जोरों पर चल रहा है।


