मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में सीतापुर–बेतौही मोड़ पुलिया के पास शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 48 वर्षीय राजमणि साकेत की जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस को यह जानकारी फरियादी शेषमाणि साकेत ने दी। शेषमाणि साकेत ग्राम सीतापुर के निवासी हैं और अपने भतीजे लवकुश साकेत, बराती एवं चचेरे भाई मुन्नालाल साकेत के साथ लौर थाना पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी की देर शाम उनके भाई राजमणि साकेत खैरा बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। उनके पीछे भतीजा लवकुश भी साइकिल से आ रहा था। सीतापुर–बेतौही मोड़ पुलिया के पास सीतापुर की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक MP17HH3236 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए राजमणि की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजमणि साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। लवकुश ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार और पुलिस मौके पर पहुंचे। लौर थाना पुलिस ने शव को मऊगंज अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी लौर राजेश पटेल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज कर मर्ग कायम किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार दोपहर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।


