छिंदवाड़ा में गले से मंगलसूत्र झपटने की कोशिश:सिगरेट के बहाने आई गैंग; दो लोगों को पकड़ा, खंभे से बांधा, तीन फरार

छिंदवाड़ा में गले से मंगलसूत्र झपटने की कोशिश:सिगरेट के बहाने आई गैंग; दो लोगों को पकड़ा, खंभे से बांधा, तीन फरार

छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना अंतर्गत पुरतला क्षेत्र में शनिवार शाम मंगलसूत्र झपटने की वारदात सामने आई। एक महिला की किराना दुकान से मंगलसूत्र झपटकर भाग रहे दो युवकों को महिला और आसपास मौजूद लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उनके तीन साथी मौके से फरार हो गए। दो युवक को पकड़कर खंभे से बांध दिया, बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की पुरतला में किराना दुकान है। शनिवार शाम दुकान के सामने कुछ युवक खड़े थे। इसी दौरान उन्होंने महिला से सिगरेट मांगी। महिला जब सिगरेट लाने के लिए दुकान के अंदर गई, तभी एक युवक ने मौका पाकर उसके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और भागने लगा। महिला ने तुरंत शोर मचाया और साहस दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और दो युवकों को दबोच लिया, जबकि तीन अन्य युवक भागने में सफल हो गए। घटना की सूचना अमरवाड़ा थाना पुलिस को दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को थाने ले गई। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तलाशी के दौरान आरोपियों की जेब से महिला का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, पुलिस फरार युवकों की तलाश में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *