उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के मानिकापुर के पास हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुल्तानपुर, भगवंतनगर निवासी मोहित (35) पुत्र रज्जन लाल के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार देर शाम हुई। जानकारी के अनुसार, मोहित खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह शनिवार देर शाम पाटन से एक समरसेबल मोटर ठीक करवाकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। मानिकापुर के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहित अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी नीतू, एक बेटा और एक बेटी हैं। मोहित की असामयिक मौत से परिवार पर गहरा दुख आया है। बिहार थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक की टक्कर से यह हादसा हुआ है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का आश्वासन दिया है।


