कोहरे का कहर, NHAI की लापरवाही…NH 28 पर एक के बाद एक चार ट्रक आपस में टकराये, घंटों मची रही अफरा तफरी

कोहरे का कहर, NHAI की लापरवाही…NH 28 पर एक के बाद एक चार ट्रक आपस में टकराये, घंटों मची रही अफरा तफरी

कुशीनगर जिले के तमकुहीराज क्षेत्र में रविवार सुबह लगभग सात बजे NH 28 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक फरहान हॉस्पिटल के पास NHAI द्वारा बनाए गए अस्थायी कट पर घने कोहरे के बीच चार ट्रक आपस में टकरा गए, इस दुर्घटना से NH पर लंबा जाम लग गया।

न संकेत चिन्ह, न रिफ्लेक्टर…आपस में भिड़े चार ट्रक

बता दें कि NHAI ने तमकुहीराज क्षेत्र में स्थित जर्जर झारही पुल के कारण अस्थाई कट बनाया है, इसके आगे सड़क बंद होने और कोई चेतावनी बोर्ड न लगे होने के कारण पीछे से आ रहे ट्रक चालक जब तक संभलते तब तक एक के बाद एक चार ट्रक आपस में टकरा गए। दुर्घटना में सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद निवासी ट्रक चालक हरेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के दौरान उनका एक हाथ टूट गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य चालकों को भी हल्की चोटें आई हैं। सुबह ही हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक दुरुस्त कराने में जुटी, पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाया। पुलिस ने दूसरे वैकल्पिक कट से ट्रैफिक पास कराई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *