कुशीनगर में कोहरे से NH28 पर 4 ट्रकों की भिड़ंत:एक चालक घायल, नेशनल हाईवे पर जाम लगा; NHAI ने साइन बोर्ड नहीं लगवाया

कुशीनगर में कोहरे से NH28 पर 4 ट्रकों की भिड़ंत:एक चालक घायल, नेशनल हाईवे पर जाम लगा; NHAI ने साइन बोर्ड नहीं लगवाया

तमकुहीराज क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 07 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फरहान हॉस्पिटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा बनाए गए अस्थायी कट पर घने कोहरे के बीच चार ट्रक आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान NHAI द्वारा बनाया गया अस्थायी कट अचानक सामने आ गया। कट के आगे सड़क बंद होने और कोई संकेत चिन्ह या चेतावनी बोर्ड न लगे होने के कारण पीछे से आ रहे ट्रक चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला, जिसके परिणामस्वरूप एक के बाद एक चार ट्रक आपस में टकरा गए। यह अस्थायी कट तमकुहीराज क्षेत्र में स्थित जर्जर झारही पुल के कारण NHAI ने बनाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कट को लेकर न तो पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए और न ही दूर से दिखाई देने वाले संकेत बोर्ड लगाए गए। उनकी राय में, NHAI की यही लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह बनी। दुर्घटना में सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद निवासी ट्रक चालक हरेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के दौरान उनका एक हाथ टूट गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य चालकों को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात को सुचारु करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद, दूसरे लंबे दूरी के वैकल्पिक कट से यातायात की शुरुआत कराई जा सकी, जिसके बाद जाम की स्थिति धीरे-धीरे समाप्त हुई। स्थानीय लोगों ने NHAI के ढीले कार्य और लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है और यदि जल्द ही कट पर संकेत चिन्ह, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो ऐसे हादसे होते रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *